बढ़ापुर। कस्बे से सटे एक ग्राम पंचायत में रात के समय गुलदार के हमले में करीब दो वर्ष के घोड़ी के बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद आसपास रहने वाले ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों को अपने घरों और पालतू पशुओं की सुरक्षा की चिंता सता रही है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियां बढ़ने की बात कहते हुए वन विभाग से सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।बताया जाता है कि लाल सराय निवासी साजिद पुत्र कल्लू पहाड़ी क्षेत्रों में मजदूरी करने जाता है। उसकी करीब दो वर्ष की घोड़ी का बच्चा चरते-चरते ग्राम चक उदयचंद स्थित पक्के तालाब के पास पहुंच गया था। इसी दौरान रात में अमीर पुत्र अल्लाह दिया के घर के पास गुलदार ने घोड़ी के बच्चे पर हमला कर दिया। हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, रात के समय क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियां देखी जा रही हैं। कुछ लोगों ने तीन गुलदार दिखाई देने की बात भी कही है। घटना के बाद आसपास के लोगों में डर बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि कई घरों के दरवाजे खुले रहते हैं, ऐसे में गुलदार की आवाजाही से बच्चों और पालतू पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। इस संबंध में साहुवाला रेंज के रेंजर रामवृक्ष ने बताया कि ग्रामीण की तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार मुआवजे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाए जाने की बात भी कही।
अपनी राय या प्रतिक्रिया यहाँ लिखें।