झालू और हल्दौर नगर इकाई ने मुख्यमंत्री के नाम कोतवाल को दिया ज्ञापन
पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की उठाई मांग
झालू। हापुड़ में पत्रकार मोहम्मद नसीम अहमद की हत्या के मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति (एबीपीएसएस) की झालू और हल्दौर नगर इकाई ने संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री के नाम दिया गया ज्ञापन हल्दौर कोतवाल राहुल सिंह को सौंपकर प्रदेश में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की गई।समिति के जिलाध्यक्ष हाशिम अहमद के आह्वान पर जिलेभर में ज्ञापन देने का अभियान चलाया जा रहा है। दोनों नगर इकाइयों के पदाधिकारियों और पत्रकारों ने हापुड़ की घटना पर रोष जताते हुए दिवंगत पत्रकार मोहम्मद नसीम अहमद को श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन पर होने वाले हमलों के मामलों में त्वरित कार्रवाई करना आवश्यक है। समिति ने मांग की कि पत्रकार नसीम अहमद की हत्या की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी दी जाए।समिति ने उत्तर प्रदेश में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने, धमकी या हमले की शिकायत मिलने पर पत्रकारों को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने और पत्रकारों के उत्पीड़न से जुड़े मामलों की निगरानी के लिए पत्रकार आयोग गठित करने की मांग की।ज्ञापन में यह भी कहा गया कि पत्रकारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने से पहले राजपत्रित अधिकारी से जांच कराने की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई और झूठे मुकदमों पर रोक लगाई जा सके। झूठे मुकदमे दर्ज कराने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई।झालू नगर अध्यक्ष मोहम्मद असलम ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। सरकार को मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए, जिससे पत्रकार भयमुक्त होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।ज्ञापन सौंपने वालों में समिति के जिला सचिव इमतियाज़ अहमद, झालू नगर अध्यक्ष मोहम्मद असलम, हल्दौर नगर अध्यक्ष इरतजा सलमानी, शहजाद अंसारी, नौरोज हैदर शाही, संदीप जोशी, एके विश्वकर्मा, नौशाद अहमद सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
अपनी राय या प्रतिक्रिया यहाँ लिखें।